कोलकाता। आईपीएल 2026 के तहत गुरुवार को कोलकाता के ईडेन गार्डेन्स में खेले गए मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को तीन विकेट से हरा दिया। इसमें सबसे बड़ा योगदान मुकुल चौधरी का तूफानी अर्धशतक रहा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता ने 20 ओवर में चार विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में लखनऊ ने 20 ओवर में सात विकेट पर 182 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत खराब रही। टीम ने दूसरे ओवर में फिन एलन का विकेट गंवाया है। एलन ने 8 गेंद में 9 रन बनाए। प्रिंस यादव को पहली सफलता मिली। कप्तान अजिंक्य रहाणे 24 गेंद में 41 रन बनाकर दिग्वेश का शिकार बने। विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने 33 गेंद में 5 चौके और दो छक्के की मदद से 45 रन बनाए। रिंकू सिंह 4 रन ही बना सके। कैमरन ग्रीन (32) और पॉवेल (39) रन बनाकर नाबाद लौटे। कोलकाता के जवाब में खेलते हुए लखनऊ ने 128 के स्कोर तक सात विकेट गंवा दिए थे ,लेकिन मुकुल चौधरी ने अंतिम 5 ओवर में तूफानी पारी खेलते हुए लखनऊ को मैच में बनाए रखा और अंतिम गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में लखनऊ को तीन विकेट से जीत दिलाई। लखनऊ ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 182 रन बनाए।


