लखनऊ। लखनऊ के लोकबंधु अस्तपाल में सोमवार रात आग लग गई। जैसे–तैसे मरीजों को बाहर निकालकर दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। इस घटना में एक मरीज के मौत की खबर है, जबकि 250 मरीजों को बाहर निकाल लिया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आशियाना स्थित सरकारी लोकबंधु अस्पताल में सोमवार रात 9:30 बजे भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत दूसरे तल से हुई। सबसे पहले आईसीयू और फीमेल मेडिसिन वार्ड आग की जद में आए। दोनों वार्डों में 55 मरीज थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। वार्ड में चीख पुकार के साथ भगदड़ मच गई। डॉक्टर, स्टाफ और परिजनों ने मिलकर 250 मरीजों को अस्पताल से बाहर निकाला। वहीं, हादसे में एक मरीज की मौत हो गई। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि अस्पताल में चारों तरफ धुआं भर गया। हर तरफ चीख पुकार मची थी। इसी बीच अस्पताल कर्मियों ने बिजली काट दी। इससे हर तरफ अंधेरा फैल गया। इससे मरीजों को बाहर निकालने में दिक्कत हुई। मेरे पापा को बचाओ, वो फंस गए हैं
फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के पहुंचने तक आग दूसरे वार्डों में भी फैल गई। कोई अपने पापा को बचाने की गुहार लगा रहा था तो कोई अपने पति को निकालने के लिए मदद मांग रही थी। अफरातफरी के बीच डॉक्टरों, नर्सों, अस्पतालकर्मियों, परिजनों और दमकलकर्मियों के साथ स्थानीय पुलिस ने टार्च व मोबाइल की रोशनी से मरीजों को बाहर निकाला तथा अपनी भी जान बचाई। देर रात तक स्थिति नियंत्रण में थी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने तत्काल अफसरों से बात कर जानकारी ली। उन्होंने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत व बचाव कार्य के लिए तुरंत एसडीआरएफ को रवाना किया।


