
लगातार तकनीकी समस्याएं: सैन फ्रांसिस्को-मुंबई एअर इंडिया फ्लाइट में खराबी, कोलकाता में यात्रियों को उतारा गया
मंगलवार सुबह एअर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही फ्लाइट AI180 में तकनीकी खराबी आने के कारण यात्रियों को कोलकाता एयरपोर्ट पर विमान से उतारना पड़ा। फ्लाइट निर्धारित समय अनुसार सुबह 12:45 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची थी, लेकिन बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान में देरी हुई।

करीब चार घंटे बाद सुबह 5:20 बजे यात्रियों को विमान से उतरने के निर्देश दिए गए। फ्लाइट के कैप्टन ने यात्रियों को बताया कि उड़ान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया।
एअर इंडिया की इस फ्लाइट ने सैन फ्रांसिस्को से समय पर उड़ान भरी थी और मुंबई के लिए कोलकाता में निर्धारित ठहराव किया था, लेकिन इंजन की समस्या के चलते यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब हाल के दिनों में कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को तकनीकी कारणों से बाधित होना पड़ा है:
- हांगकांग से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI315 को तकनीकी संदेह के कारण बीच उड़ान से वापस हांगकांग लौटना पड़ा।
- ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA35, जो लंदन से चेन्नई जा रही थी, को उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा।
- लुफ्थांसा की फ्लाइट LH752, जो जर्मनी से हैदराबाद आ रही थी, को तकनीकी खराबी के चलते यू-टर्न लेकर फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा।
- 15 जून को जेद्दा से लखनऊ पहुंची एक फ्लाइट के लैंडिंग के दौरान उसके पहियों से धुआं निकलता हुआ देखा गया, जिससे हड़कंप मच गया।
लगातार सामने आ रही इन तकनीकी समस्याओं ने विमानन सुरक्षा और रखरखाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।



