मायावाडी के स्कैम सेंटरों से भारतीयों की बड़े पैमाने पर घर वापसी — 1,500 लोग अब तक सुरक्षित लौटे
म्यांमार के मायावाडी में स्थित कुख्यात स्कैम सेंटरों में फंसे भारतीयों की घर वापसी लगातार जारी है। बुधवार को थाईलैंड के मै सॉट से 125 भारतीय नागरिकों को भारतीय वायुसेना (IAF) के विशेष सैन्य विमान से सुरक्षित भारत लाया गया। इसकी जानकारी भारतीय दूतावास, बैंकॉक ने दी।

दूतावास के अनुसार, मार्च 2024 से अब तक कुल 1,500 भारतीयों को बचाकर थाईलैंड के रास्ते भारत भेजा जा चुका है। बुधवार को लौटे नागरिक भी इसी बचाव अभियान का हिस्सा थे। दूतावास ने ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि मायावाडी के स्कैम सेंटरों से रिहा किए गए इन 125 भारतीयों को सुरक्षित भारत भेज दिया गया है।
दूतावास ने बताया कि भारत सरकार के प्रयासों के तहत भारतीय दूतावास बैंकॉक और चियांग माई वाणिज्य दूतावास ने थाई सरकार, उसकी विभिन्न एजेंसियों और तख प्रांत प्रशासन के साथ मिलकर यह निकासी संभव की।
अक्सर युवा बेहतर नौकरी के लालच में एजेंटों के बहकावे में आकर दक्षिण-पूर्व एशिया पहुंच जाते हैं, जहां उनसे साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और अन्य अवैध गतिविधियों में जबरन काम करवाया जाता है। कई बार उनके पासपोर्ट भी जब्त कर लिए जाते हैं।
दूतावास ने भारतीय नागरिकों को चेतावनी दी है कि विदेश में नौकरी मिलने पर नियोक्ता की पृष्ठभूमि की पूरी जांच करें, किसी फर्जी एजेंट या संदिग्ध कंपनी पर भरोसा न करें। साथ ही सलाह दी है कि थाईलैंड की वीज़ा-फ्री एंट्री केवल पर्यटन और छोटी व्यावसायिक यात्राओं के लिए है, रोजगार के लिए नहीं।
6 नवंबर को भी भारत ने दो सैन्य विमानों के जरिए थाईलैंड से 270 भारतीयों को वापस लाया था। ये सभी मायावाडी के कुख्यात KK Park साइबरक्राइम हब पर हुई छापेमारी के बाद जान बचाकर थाईलैंड भागे थे। उस समय 28 देशों के लगभग 1,500 लोग थाईलैंड पहुंचे थे, जिनमें करीब 500 भारतीय थे।
भारत सरकार लगातार फंसे हुए नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए मिशन मोड में काम कर रही है।




