चक्रवात ‘मोंथा’ से आंध्र प्रदेश में भारी तबाही, कई राज्यों में असर जारी
चक्रवात मोंथा के कारण आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी नुकसान हुआ है। आंध्र प्रदेश में दो और लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग डेढ़ लाख एकड़ में खड़ी फसल बर्बाद हो गई। चक्रवात का असर तेलंगाना, ओडिशा और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भी देखा गया।

मंगलवार देर रात मछलीपट्टनम तट से टकराने के बाद मोंथा कमजोर पड़ गया, लेकिन उससे पहले भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ गए, मकान ढह गए और सड़कों पर पानी भर गया। इससे बिजली आपूर्ति और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुए।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तरी तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
राज्य में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत और पुनर्वास कार्य में जुटी हैं।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने तूफान से प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने कहा, “यह राज्य के लिए बड़ी आपदा है, लेकिन एहतियात बरतने से हम नुकसान कम करने में सफल रहे।” सरकार ने अब तक 1.8 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
तेलंगाना में बुधवार को भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल में भी मोंथा के कमजोर पड़ने के बाद शुक्रवार तक भारी बारिश का अनुमान है।


