पटना। वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज सीतामढ़ी में थे। वहां उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ जानकी माता मंदिर में दर्शन कर यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपने इस यात्रा में पूरी ताकत झोंक दी है। छोटे–छोटे बच्चे आ रहे हैं, मेरे कान में कह रहे हैं कि नरेंद्र मोदी वोट चुराते हैं। कर्नाटक में हमने सबूत देकर दिखाया है कि भाजपा ने वोट चुराए हैं। आने वाले समय में मैं लोकसभा चुनाव और हरियाणा चुनाव का सबूत दूंगा। हम साबित कर देंगे कि भाजपा और आरएसएस वोट चुराकर चुनाव जीतते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि मै दलित भाइयों से कहना चाहता हूं, आप याद रखिए आजादी से पहले आपकी क्या हालात थी? आपको मारा जाता था, आपको अछूत कहा जाता था संविधान ने आपको अधिकार दिए हैं। भाजपा आपसे अधिकार छीनना चाहती है। 65 लाख वोट कटे हैं। उसमें एक अमीर आदमी का नाम नहीं है। ये गरीबों से वोट चोरी कर रहे हैं। आपकी आवाज को दबाना चाहते हैं। ये आपकी आवाज कभी नहीं दबा पाएंगे। हम आपके साथ खड़े हैं। राहुल ने कहा कि ये लोग पहले आपकी वोट लेंगे फिर आपका राशन कार्ड और बाद में आधार को निशाना बनाएंगे। हमें मालूम है ये बिहार में चुनाव चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए हमने वोटर अधिकार यात्रा शुरू की है।


