नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि भारत के जेन–जी रिस्क लेने से पीछे न हटें, सरकार उनके साथ है। पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं की सफलता देश को ऊंचाई देती है। युवाओं की एनर्जी से मैं भी एनर्जी पाता हूं। युवाओं में राष्ट्र प्रथम की भावना होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि युवाओं का सामर्थ्य भारत का सामर्थ्य बनेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि आज स्वामी विवेकानंद जी की जन्म जयंती है। स्वामी विवेकानंद जी के विचार, आज भी हर युवा के लिए प्रेरणा हैं। कैसे हम नेशन फर्स्ट की भावना से जीवन जिएं, हमारे हर प्रयास में समाज का, देश का हित हो। इस दिशा में स्वामी विवेकानंद जी का जीवन हम सब के लिए बहुत बड़ा मार्गदर्शक है, प्रेरक है। मुझे खुशी है कि बहुत कम समय में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग इतना बड़ा प्लेटफॉर्म बन गया है। उन्होंने कहा कि एक ऐसा प्लेटफॉर्म, जहां देश की विकास की दिशा तय करने में युवाओं की सीधी भागीदारी होती है। करोड़ों नौजवानों का इससे जुड़ना, देश के विकास के लिए अपने विचार शेयर करना, ये अपनेआप में अभूतपूर्व है। मुझे अपने देश के युवाओं पर भरोसा है, आपके सामर्थ्य पर भरोसा है। हमने युवाओं को ध्यान में रखते हुए एक के बाद एक नई स्कीम्स बनाई। यहीं से स्टार्ट अप रिवोल्यूशन ने भारत में असली गति पकड़ी। भारत के जेन–जी रिस्क लेने से पीछे न हटें, सरकार उनके साथ है।
डिजिटल इंडिया ने क्रिएटर्स का नया समुदाय खड़ा किया
पीएम नमोदी ने कहा कि डिजिटल इंडिया ने भारत में क्रिएटर्स का एक नया समुदाय खड़ा कर दिया है। भारत आज ऑरेंज इकोनॉमी यानी कल्चर, कंटेंट और क्रिएटिविटी का अभूतपूर्व विकास देख रहा है। हमारी जो कहानियां हैं रामायण, महाभारत बहुत कुछ है, क्या हम उसे गेमिंग की दुनिया में ले जा सकते हैं? पूरी दुनिया में गेमिंग एक बहुत बाज़ार है। हम अपनी पौराणिक कथाओं को लेकर भी गेमिंग की दुनिया में नए खेल ला सकते हैं।


