
वाराणसी। कोलकाता से श्रीनगर जा रहे इंडियो एयरलाइंस के विमान की बुधवार को वाराणसी में इमरजेंसी लैंडिग कराई गई है। बताया जाता है कि फ्लाइट संख्या 6ई-6961 ले हवा में ही फ्यूल लीक होने लगा था। इसके बाद इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया गया।
बताया जाता है कि फ्यूल लीक होने की जानकारी पायलट को मिली तो उसने एयर ट्रैफिक कंट्रोल वाराणसी से संपर्क कर लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही विमान शाम 4:10 बजे सुरक्षित रूप से रनवे पर उतारा गया। विमान में सवार कुल 166 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। सभी यात्रियों को एराइवल हॉल में बैठाया गया, जबकि तकनीकी टीम विमान की जांच और मरम्मत में जुटी है। वाराणसी पुलिस की ओर से कहा गया कि एयरपोर्ट अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। एयरलाइंस की ओर से बताया गया कि यात्रियों को किसी दूसरी विमान से श्रीनगर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
इंदौर में देरी से आई एयर इंडिया की फ्लाइट
इधर, मुंबई से इंदौर आकर दिल्ली जाने वाली फ्लाइट बुधवार को 3 घंटे देरी से पहुंची। एयरपोर्ट पर पहले 2 घंटे लेट होने का मैसेज दिया गया, लेकिन फ्लाइट इससे भी एक घंटे देरी से पहुंची। इस वजह से दिल्ली जाने वाले यात्री परेशान होते रहे। मुंबई से आने वाला एयर इंडिया का विमान तकनीकी खराबी के कारण 2 घंटे से ज्यादा लेट बताया जा रहा था। इसके कारण दिल्ली जाने वाली फ्लाइट भी लेट होती रही। एयरपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट (एआई 2591) सुबह 7.25 बजे मुंबई से रवाना होकर 9 बजे इंदौर आती है। यहां से 9.40 बजे रवाना होकर 11.15 बजे दिल्ली पहुंचती है। बुधवार सुबह इंदौर आने से पहले मुंबई एयरपोर्ट पर विमान में तकनीकी खराबी आ गई।



