उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम, कई राज्यों में बारिश-आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

Date:

उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम, कई राज्यों में बारिश-आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

देश के कई हिस्सों, खासकर उत्तर भारत में रविवार से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रविवार तड़के दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम अचानक ठंडा और सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है। वहीं उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में, 15 और 18 मार्च को हिमाचल प्रदेश में, आज और कल यानी 16 मार्च को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में, जबकि 16 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है।

रविवार के लिए कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। इसके अलावा सोमवार और बुधवार के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ घोषित किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान ताबो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ऊना में दिन का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे ज्यादा था।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पहाड़ी इलाकों में फिर से बादल और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदल सकता है। विभाग के अनुसार राज्य के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बादल गरजने की स्थिति बन सकती है। वहीं रविवार को अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है।

पूर्वी भारत में झारखंड के कई जिलों में भी अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। विभाग के अनुसार रविवार को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश हो सकती है। साथ ही अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी भी देखी जा सकती है।

Abhilash Shukla (Editor)
Abhilash Shukla (Editor)http://www.hbtvnews.com
Abhilash Shukla is an experienced editor with over 28 years in journalism. He is known for delivering balanced, impactful, and credible news coverage.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

Recent News
Related