इंदौर। मध्यप्रदेश इन दिनों एलपीजी संकट से जूझ रहा है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति इंदौर और भोपाल में है। नए गैस कनेक्शनों पर भी रोक लगा दी गई है। गैस सिलेंडर के बीच अब उपभोक्ताओं के लिए 5 किलो वाले छोटे गैस सिलेंडर का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
अब ऑयल कंपनियां उपभोक्ताओं को एसएमएस भेजेंगी, जिसमें बुकिंग कन्फर्म और डिलीवरी की तारीख होगी। इसमें लिखा रहेगा कि वे गैस एजेंसी पर न जाएं। सिलेंडर उनके घर पहुंचा दिया जाएगा। पोर्टल बंद होने से कई शहरों के कस्टमर परेशान हैं। इदौर और भोपाल में गैस किल्लत के बीच लोग नए कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने से e-KYC और नए कनेक्शन की सभी प्रक्रियाएं सस्पेंड हैं।
सब्सक्रिप्शन वाउजर जारी नहीं हो रहे
हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम एवं इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के पोर्टल पर मार्च के प्रथम सप्ताह से नए गैस कनेक्शन के लिए सब्सक्रिप्शन वाउचर (एसवी) जारी नहीं हो रहे हैं। हालांकि एजेंसी संचालकों द्वारा नए कनेक्शन हेतु आवेदन लिए जा रहे हैं तथा आवेदकों की केवाईसी प्रक्रिया पोर्टल पर लगातार की जा रही है।
अब पांच किलो का ही मिलेगा कनेक्शन
इंदौर के जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने बताया कि ऑयल कंपनियों द्वारा जैसे ही एसवी जारी करने की प्रक्रिया पुनः प्रारंभ की जाएगी, पात्र उपभोक्ताओं को नए गैस कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे। इस संबंध में उपभोक्ताओं को अलग से सूचना भी दी जाएगी। इस बीच, उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑयल कंपनियों द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इच्छुक उपभोक्ता तत्काल 5 किलोग्राम का एफटीएल (छोटा सिलेंडर) कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं।




