मुर्शिदाबाद जिले में चुनाव प्रचार के दौरान सियासी तनाव बढ़ गया है। कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया है कि उन पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किया गया।
यह घटना बहरामपुर विधानसभा क्षेत्र में हुई, जहां प्रचार के दौरान कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो बाद में झड़प और हाथापाई में बदल गई। बताया जा रहा है कि भारी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद कुछ तृणमूल समर्थकों ने अधीर रंजन चौधरी के काफिले को रोकने की कोशिश की।
शनिवार सुबह अधीर रंजन चौधरी अपने समर्थकों के साथ वार्ड नंबर 19 में प्रचार कर रहे थे। उसी दौरान तृणमूल कांग्रेस के पार्षद भीष्मदेव कर्माकर अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और प्रचार रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
कांग्रेस ने बहरामपुर सीट से अधीर रंजन चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है, वहीं प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।




