ऑस्कर में फिर चमकी ‘आरआरआर’: नए स्टंट डिज़ाइन कैटेगरी की घोषणा में शामिल हुआ दमदार फाइट सीन
निर्देशक एस.एस. राजामौली की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘आरआरआर’ ने एक बार फिर ऑस्कर मंच पर अपनी धमक दर्ज कराई है। एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने हाल ही में ऑस्कर में ‘बेस्ट स्टंट डिज़ाइन’ के लिए एक नई कैटेगरी की घोषणा की है, जिसकी पोस्ट में ‘आरआरआर’ के एक जबरदस्त एक्शन सीन को शामिल किया गया है।
यह नई कैटेगरी 2027 में रिलीज़ होने वाली फिल्मों के लिए लागू होगी और 2028 में आयोजित होने वाले 100वें एकेडमी अवॉर्ड्स में पहली बार इस पुरस्कार को प्रदान किया जाएगा।
‘आरआरआर’ का दमदार सीन बना पहचान
एकेडमी ने इस नई कैटेगरी की घोषणा करते हुए तीन फिल्मों के प्रतिष्ठित स्टंट दृश्यों की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें ‘आरआरआर’ के उस सीन को चुना गया है जिसमें राम चरण बाघ से लड़ते हुए उसकी ओर हवा में छलांग लगाते हैं। यह दृश्य फिल्म की सबसे चर्चित एक्शन सीक्वेंस में से एक है और अब यह ऑस्कर की ऐतिहासिक घोषणा का हिस्सा बन चुका है।
अन्य दो फिल्में जो सूची में शामिल
इसके साथ ही दो और फिल्मों के स्टंट दृश्यों को इस घोषणा में शामिल किया गया है:
-
एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल एट वन्स (2022) – मिशेल योह स्टारर इस मल्टीवर्स आधारित फिल्म का एक एक्शन सीन।
-
मिशन इम्पॉसिबल: घोस्ट प्रोटोकॉल (2011) – जिसमें टॉम क्रूज को दुबई की बुर्ज खलीफा पर चढ़ते हुए दिखाया गया है।


