मुंबई। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार 9 अप्रैल को शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में खुला। बीएसई सेंसेक्स 243.57 अंक की गिरावट के साथ 77,319.33 के स्तर पर खुला। इसी तरह एनएसई निफ्टी 88.30 अंक गिरकर 23,909.05 के स्तर पर खुला।
गुरुवार को देखते ही देखते बाजार में और गिरावट आने लगी। सुबह करीब 9:20 बजे तक सेंसेक्स 300 अंक की गिरावट के साथ 77,261 अंक पर कारोबार कर रहा था, वहीं निफ्टी113 अंक नीचे जाकर 23,883 के लेवल पर दिखा। इसके बाद गिरावट बरकरार रही। सेंसेक्स 531.59 अंक टूटकर 77,031.31 के स्तर पर आ गया और निफ्टी 153.80 अंकों की गिरावट के साथ 23,843.55 पर पहुंच गया।
👉 यह भी पढ़ें:
शुरुआती कारोबार में एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, मैक्स हेल्थकेयर, बजाज ऑटो और हिंडाल्को के शेयर हरे निशान में दिखे। इसके विपरित बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनेंस, अडाणी पोर्ट्स, इंफोसिस और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे शेयरों में गिरावट दिखी। बीएसई में एनटीपीसी, टाटा स्टील, पावरग्रिड, आईटीसी और भारती एयरटेल के शेयर हरे निशान में दिखे, वहीं सनफॉर्मा, इंडिगो, अडानी पोर्ट, एटरनल और एलएंडटी के शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि बुधवार 8 अप्रैल को शेयर बाजार में जोरदार तेजी रही थी। सेंसेक्स 2946.32 अंक की तेजी के साथ 77,562.90 अंक पर और एनएसई निफ्टी 50 873.70 अंक ऊपर जाकर 23,997.35 के पर बंद हुए थे।


